जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- हाईकमान को खुश करने के लिए दिखाए जा रहे फर्जी आंकड़े

21 मई: पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनहित के नए संस्थान खोलने के बजाय पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों को बंद करने में लगी है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं।

सराज विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान जयराम ठाकुर ने निकाय चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए दावा किया कि भाजपा ने 25 नगर परिषदों में से 18 और 22 नगर पंचायतों में से 13 पर जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि इन परिणामों से कांग्रेस के अंदर हलचल मची हुई है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं और हाईकमान को खुश करने के लिए मीडिया में फर्जी आंकड़े पेश किए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि बरसात का मौसम आने वाला है, लेकिन सरकार अब तक कई ग्रामीण सड़कों से मलबा तक नहीं हटा पाई है। कई ग्रामीण रूटों पर बस सेवाएं बंद हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकारी संसाधनों का फायदा केवल कुछ खास लोगों को दिया जा रहा है, जबकि विपक्षी क्षेत्रों और कांग्रेस के विरोधी गुट के विधायकों की अनदेखी की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *