पांवटा साहिब नगर परिषद में त्रिशंकु तस्वीर, भाजपा-कांग्रेस बराबरी पर

18 मई: पांवटा साहिब नगर परिषद चुनाव के नतीजों में इस बार दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। भाजपा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने चार-चार वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि पांच वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। परिणामों के बाद नगर परिषद में सत्ता गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

वार्ड नंबर-1 से भाजपा समर्थित निर्मल कौर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी अवतार सिंह गोल्डी को 417 वोटों से हराया। निर्मल कौर को 633 मत मिले, जबकि अवतार सिंह गोल्डी को 216 वोट प्राप्त हुए। वार्ड-2 में आशा देवी ने 700 वोट हासिल कर सुदेश को 521 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया।

वार्ड-3 में राजरानी सैनी ने 568 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी मोनिका बाली को 325 वोटों से हराया। वार्ड-4 में कांग्रेस समर्थित कविता ने बेहद कांटे की टक्कर में भाजपा समर्थित दीपा शर्मा को 13 वोटों से मात दी। कविता को 369 और दीपा शर्मा को 356 मत मिले।

वार्ड-5 से भाजपा की सर्वशक्ति भटनागर विजयी रहीं। उन्हें 379 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की हरविंदर कौर को 326 मत प्राप्त हुए। वार्ड-6 में कांग्रेस समर्थित और पूर्व पार्षद इंद्रप्रीत कौर ने करीबी मुकाबले में भाजपा समर्थित सुमन गर्ग को हराया। इंद्रप्रीत कौर को 499 और सुमन गर्ग को 464 वोट मिले।

वार्ड-7 में कांग्रेस समर्थित रविंद्र पाल सिंह ने भाजपा समर्थित मयंक महावर को 207 वोटों से हराकर जीत हासिल की। रविंद्र पाल सिंह को 579 मत मिले।

निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनाव में मजबूत प्रदर्शन किया। वार्ड-8 से रोहताश नागिया ने भाजपा के संजय सिंघल को 126 वोटों से हराया। वार्ड-9 में निर्दलीय प्रत्याशी इंद्रजीत सिंह मीका ने 222 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वार्ड-10 से मयंक चौहान विजयी रहे, जबकि वार्ड-12 में ममता सैनी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की।

वार्ड-11 में कांग्रेस की रीना कुमारी ने भाजपा की कृष्णा धीमान को 306 वोटों से हराया। वहीं वार्ड-13 में कुलदीप चौधरी ने 134 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

नगर परिषद के नतीजों ने साफ कर दिया है कि इस बार पांवटा साहिब में किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में निर्दलीय पार्षद अब नगर परिषद की सत्ता की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *