18 मई: नालागढ़ के किशनपुरा स्थित उपकारागार में ड्यूटी के दौरान जेल वार्डर पर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में जेल वार्डर और एक हवलदार घायल हुए हैं। पुलिस ने 5 बंदियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जेल वार्डर रोहित कुमार उपकारागार किशनपुरा में निगरानी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान बंदी सूर्यातेज, दीपक, सुनील, गुरचरण और गगन ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में रोहित कुमार को सिर और पीठ पर चोटें आईं।
वार्डर को बचाने पहुंचे हवलदार नंदलाल के साथ भी बंदियों ने मारपीट की, जिससे वह भी घायल हो गए। बाद में अन्य जेल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ड्यूटी में बाधा डालने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में थाना मानपुरा में भारतीय न्याय संहिता और प्रिज़न्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस जांच में जुटी हुई है।