14 मई: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने प्रवेश परीक्षा आधारित कोर्सों के साथ-साथ मेरिट बेस्ड कोर्सिज एफवाईआईसीटीटीएम और बीएचएम में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अब अभ्यर्थी 15 मई तक आवेदन कर सकेंगे।
इस संबंध में विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज प्रो. बीके शिवराम ने अधिसूचना जारी की है। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 12 मई निर्धारित की गई थी, लेकिन छात्र संगठनों और अभ्यर्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने छात्रों को अतिरिक्त समय देने का फैसला लिया।
गौरतलब है कि स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं 1 जून से शुरू होंगी।