14 मई: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन विद्यार्थियों को अपने परीक्षा परिणाम में अंक कम लग रहे हैं, वे अब अपने स्कूलों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 19 मई 2026 निर्धारित की गई है, जबकि 10वीं कक्षा के छात्र 25 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और तय तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन मान्य नहीं होगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पुनर्मूल्यांकन के लिए संबंधित विषय में कम से कम 20 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। यह सुविधा केवल थ्योरी पेपर के लिए उपलब्ध रहेगी, जबकि एमसीक्यू आधारित प्रश्नों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा।
शुल्क की बात करें तो पुनर्मूल्यांकन के लिए 1000 रुपए प्रति विषय और पुनर्निरीक्षण के लिए 800 रुपए प्रति विषय फीस निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
इस संबंध में डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी और बिना शुल्क के कोई आवेदन स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंधन से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन सुनिश्चित करने की अपील की है।