बड़ा भंगाल में भी पड़ेगा वोट, हेलिकॉप्टर से पहुंचेगी मतदान टीम

14 मई: हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने दुर्गम जनजातीय क्षेत्र बड़ा भंगाल में अतिरिक्त मतदान केंद्र स्थापित करने का फैसला लिया है। मतदान दल को हेलिकॉप्टर के माध्यम से बड़ा भंगाल भेजा जाएगा ताकि वहां रह रहे मतदाता पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

जिला निर्वाचन अधिकारी कांगड़ा ने आयोग को जानकारी दी थी कि पूर्व में पंचायत चुनाव दिसंबर-जनवरी में होते थे, उस दौरान बड़ा भंगाल के अधिकांश लोग निचले क्षेत्रों, विशेषकर बीड़ में रह रहे होते थे और वहीं मतदान कर लेते थे। लेकिन इस बार पंचायत चुनाव मई माह में होने के कारण करीब 102 मतदाता कृषि कार्यों के चलते बड़ा भंगाल में ही मौजूद हैं।

बड़ा भंगाल से बीड़ की दूरी करीब 72 किलोमीटर है और यहां पहुंचने का एकमात्र साधन दुर्गम पैदल मार्ग है। ऐसे में कई मतदाताओं के मतदान से वंचित रहने की आशंका थी। इसे देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने बड़ा भंगाल में सभी वार्डों के मतदाताओं के लिए अतिरिक्त मतदान केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया।

पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत 26 मई को यहां मतदान करवाया जाएगा। मतदान दल में चार सदस्य शामिल होंगे, जो हेलिकॉप्टर के जरिए मतपेटियां और अन्य मतदान सामग्री लेकर बड़ा भंगाल पहुंचेंगे। पूरी प्रक्रिया संबंधित उपमंडलाधिकारी की निगरानी में संपन्न करवाई जाएगी।

मतपत्रों की गिनती बीड़ में होगी। सभी प्रत्याशियों और उनके एजेंटों को मतगणना से कम से कम 24 घंटे पहले सूचना दी जाएगी। मतगणना सुबह नौ बजे से शुरू होगी और वार्डवार मतपत्रों की गणना की जाएगी। प्रदेश के सबसे दुर्गम क्षेत्रों में शामिल बड़ा भंगाल के लिए यह फैसला लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *