हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय की परीक्षा आज, सुबह-शाम दो सत्रों में होंगे एग्जाम

10 मई: हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर की बीटेक, बी फार्मेसी, एमबीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा (एचपीसीईटी-2026) रविवार को प्रदेशभर के 16 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। इस बार प्रवेश परीक्षा के लिए करीब 9700 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।

जानकारी के अनुसार बीटेक के लिए 5575, बी फार्मेसी के लिए 3085 और दोनों पाठ्यक्रमों के लिए 380 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसके अलावा एमबीए के लिए 303 और एमसीए के लिए 262 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे।

रविवार को सुबह के सत्र में एमएससी भौतिक विज्ञान की परीक्षा सुबह 9 से 11 बजे तक आयोजित होगी, जबकि बीटेक और बी फार्मेसी की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी। वहीं शाम के सत्र में दोपहर 2 से 4 बजे तक एमसीए, एमबीए और एमबीए पर्यटन की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।

परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें चंबा, धर्मशाला, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू, नालागढ़, सोलन, कालाअंब और शिमला के विभिन्न शिक्षण संस्थान शामिल हैं।

तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। यदि किसी उम्मीदवार को किसी कारणवश एडमिट कार्ड प्राप्त नहीं हुआ है, तो वह आवेदन संबंधी दस्तावेज साथ लेकर निर्धारित परीक्षा केंद्र में पहुंचकर परीक्षा दे सकता है।

वहीं शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर हमीरपुर में बीएससी एचएम एंड सीटी, बीएचएमसीटी और एमएससी पर्यावरण विज्ञान की प्रवेश परीक्षा भी आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर से 60 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *