नगर निकाय चुनाव: नूरपुर में मतदान कर्मियों को दिया गया पहला प्रशिक्षण

9 मई: स्थानीय नगर निकाय चुनाव के तहत 17 मई को होने वाले मतदान को लेकर शुक्रवार को नगर परिषद हॉल नूरपुर में पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों के लिए प्रथम प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

नगर परिषद के 9 वार्डों में चुनाव प्रक्रिया को सफल और सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

मास्टर ट्रेनर संजीव शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम संचालन, मतदान सामग्री के उपयोग, मतदाता पहचान प्रक्रिया, मॉक पोल और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों को विस्तार से समझाया। साथ ही मतदान दलों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए जरूरी सावधानियों से भी अवगत कराया गया।

निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अरुण शर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि मतदान कार्य पूरी पारदर्शिता और दक्षता के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने सभी मतदान कर्मियों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की।

उन्होंने जानकारी दी कि मतदान कर्मियों के लिए अगला प्रशिक्षण सत्र 12 मई को आयोजित किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *