3 मई: धर्मशाला, 3 मई: धौलाधार की सुंदर पहाड़ियों के बीच बसे चढ़ी क्षेत्र में स्थित ढोलिया महादेव मंदिर आस्था और प्रकृति का अनोखा संगम प्रस्तुत करता है। यहां पहुंचते ही श्रद्धालुओं का मन भक्ति में लीन हो जाता है। चारों ओर फैली हरियाली, शांत वातावरण और आध्यात्मिक ऊर्जा इस स्थल को विशेष बनाती है।
धर्मशाला से लगभग 10 किलोमीटर दूर चढ़ी तक सड़क मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है। यहां से करीब 2.50 किलोमीटर दूर स्थित मंदिर तक श्रद्धालु अपनी गाड़ी से लगभग 500 मीटर तक पहुंच सकते हैं, जिसके बाद करीब 2 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। यह पैदल यात्रा अपने आप में एक सुखद अनुभव है, जहां रास्ते में प्राकृतिक दृश्य, बहते जल की ध्वनि और शांति मन को आकर्षित करती है।
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मंदिर परिसर में एक प्राचीन गुफा भी है। कहा जाता है कि एक भेड़पालक इसी गुफा के रास्ते मणिमहेश तक पहुंच गया था, जिससे इस स्थान की आस्था और रहस्य और गहरे हो जाते हैं।
घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा यह स्थल किसी तपोभूमि जैसा प्रतीत होता है। यहां तक पहुंचने का मार्ग श्रद्धालुओं को प्रकृति के करीब ले जाता है और मानसिक शांति का अनुभव कराता है।
ढोलिया महादेव को क्षेत्र के लोग एक प्राचीन शिव स्थल मानते हैं। मान्यता है कि यहां स्थित शिवलिंग स्वयंभू है। आसपास के गांवों के लोग इसे ग्राम देवता के रूप में पूजते हैं और हर शुभ कार्य से पहले यहां आशीर्वाद लेना अपनी परंपरा मानते हैं।
महाशिवरात्रि और सावन मास के दौरान मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं। इन अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है।
यह मंदिर अपनी सादगी और प्राकृतिक स्वरूप के कारण अलग पहचान रखता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं पूरी होती हैं, जो इस स्थल को लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनाती हैं।
ढोलिया महादेव केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि शांति, आस्था और प्रकृति का अनूठा संगम है, जहां आने वाला हर व्यक्ति सुकून और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव करता है।