1 मई: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में गुरुवार को एक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। यह घटना पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत कंडवाल चौकी के पास पक्का टियाला में हुई।
जानकारी के अनुसार संजीव कुमार अपनी माता रानी देवी, बेटी अमायरा और बेटे समर के साथ पठानकोट के पास एक धार्मिक स्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पक्का टियाला के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य करते हुए घायलों को पठानकोट के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रानी देवी को मृत घोषित कर दिया।
घटना में चालक संजीव कुमार की टांग में चोट आई है और उनका इलाज जारी है, जबकि कार में सवार दोनों बच्चे सुरक्षित हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी नूरपुर चंद्रपाल सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।