1 मई: हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 51 शहरी निकायों के लिए जारी चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन के दूसरे दिन गुरुवार को उम्मीदवारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस दिन कुल 535 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जो पहले दिन की तुलना में बड़ी बढ़ोतरी दर्शाता है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 2 मई निर्धारित है। इसके बाद 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 6 मई को नामांकन वापसी के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक ईवीएम के माध्यम से होगा।
जिलावार आंकड़ों में कांगड़ा सबसे आगे रहा, जहां 98 नामांकन पत्र दाखिल हुए। वहीं हमीरपुर में सबसे कम 27 नामांकन प्राप्त हुए। इसके अलावा मंडी में 77, सोलन में 76, शिमला में 63, सिरमौर में 44, ऊना में 43, चंबा में 39, बिलासपुर में 36 और कुल्लू में 32 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
इससे पहले 29 अप्रैल को पहले दिन कुल 155 नामांकन प्राप्त हुए थे, जो दूसरे दिन बढ़कर 535 तक पहुंच गए। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से तय समयसीमा का पालन करने की अपील भी की है। प्रशासन ने सभी जिलों में तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।