25 अप्रैल: कांगड़ा जिला के शाहपुर उपमंडल के धनोटू क्षेत्र में एक दुखद हादसा सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक पंप ऑपरेटर की पानी के टैंक में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कुटेहड़ पंचायत के लदवाड़ा गांव निवासी मलकीत सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मलकीत सिंह शुक्रवार को अपनी नियमित ड्यूटी के तहत पानी के टैंक को संचालित करने पहुंचे थे। इसी दौरान आशंका है कि टैंक के पास काम करते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वे फिसलकर सीधे टैंक में जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना का खुलासा तब हुआ जब दूसरी शिफ्ट का कर्मचारी ड्यूटी के लिए मौके पर पहुंचा। उसने टैंक में मलकीत सिंह का शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत विभागीय अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पुलिस टीम ने जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को टैंक से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।