25 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पंजाब पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी और कुल्लू पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मणिकर्ण के पास कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात गैंगस्टर सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी बीते वीरवार को मणिकर्ण पहुंचे थे और एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। पंजाब पुलिस को उनकी लोकेशन और गतिविधियों की पहले ही सूचना मिल चुकी थी, जिसके बाद पुलिस लगातार उनकी निगरानी कर रही थी।
जैसे ही आरोपी बरशैणी से मणिकर्ण की ओर लौट रहे थे, पुलिस टीम ने शिल्ला के पास घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे ऑपरेशन में कुल्लू पुलिस ने पंजाब पुलिस का पूरा सहयोग किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर हरप्रीत सिंह है। उसके साथ राम सिंह, गुरप्रीत सिंह, सतनाम उर्फ सागर, सिकंदर, राजबिंद्र और दो महिला साथी कोमल व तलविंदर कौर को भी हिरासत में लिया गया है।
हरप्रीत सिंह के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में 20 अप्रैल को उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 3(5) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उस पर आरोप है कि उसने एक व्यक्ति के घर पर गोलीबारी कर फिरौती के लिए दहशत फैलाने की कोशिश की थी।
कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब और कुल्लू पुलिस के बेहतर समन्वय का परिणाम है। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, ताकि उनके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों का खुलासा किया जा सके।