मां बगलामुखी जयंती पर बनखंडी में उमड़ा जनसैलाब, भव्य महाआरती और वैदिक अनुष्ठानों से गूंजा सिद्धपीठ

25 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित श्री बगलामुखी सिद्ध पीठ बनखंडी में मां बगलामुखी जयंती का दूसरा दिन शुक्रवार को अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। प्रातः 5 बजे विशेष आरती के साथ पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने मां बगलामुखी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस वर्ष जयंती के अवसर पर करीब 18 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। देश के विभिन्न हिस्सों जैसे कोलकाता, गुवाहाटी और गुजरात के साथ-साथ विदेशों से मंगवाए गए फूलों ने मंदिर की शोभा को और बढ़ा दिया।

336 ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि के साथ मां का आह्वान किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। इसके बाद मंदिर प्रांगण में 1008 से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया, जिन्हें देवी स्वरूप मानकर विधिवत सम्मानित किया गया।

शाम को आयोजित भव्य महाआरती इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही। देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर और माता राज कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर महाआरती का शुभारंभ किया। लगभग एक घंटे तक चली इस महाआरती में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधन द्वारा पार्किंग, लंगर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की गईं। वहीं सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे क्षेत्र को तीन सेक्टर—ट्रैफिक, पार्किंग और दर्शन क्षेत्र—में बांटा गया था। करीब 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया और वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए।

पूरे आयोजन क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की गई, जबकि एंट्री प्वाइंट्स पर सघन जांच सुनिश्चित की गई।

जयंती महोत्सव की शुरुआत वीरवार को पारंपरिक झंडा रस्म और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई थी। आयोजन के तीसरे दिन शनिवार को महायज्ञ और पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

मंदिर प्रबंधन ने इस पावन अवसर पर देश-प्रदेश के सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *