सिया हत्याकांड: बेटी की याद में घटनास्थल पर पिता ने किया शांति हवन

25 अप्रैल: मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल की गोपालपुर पंचायत के नैण गांव में हुई सिया गुलेरिया हत्याकांड के बाद परिवार गहरे सदमे में है। इस दुखद घटना के बीच पिता जोगिंद्र सिंह ने बेटी की आत्मा की शांति के लिए एक भावुक कदम उठाया और घटनास्थल पर जाकर शांति हवन किया।

शुक्रवार को परिवार की ओर से धार्मिक अनुष्ठान दो चरणों में संपन्न हुआ। सबसे पहले घर पर शांति पाठ और हवन किया गया, जिसमें परिजन और करीबी लोग शामिल हुए। इसके बाद पिता और परिवार के सदस्य उस स्थान पर पहुंचे, जहां सिया की हत्या हुई थी। वहां विधि-विधान के साथ हवन कर बेटी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीण भी भावुक हो गए। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर अभी भी शोक और आक्रोश का माहौल है।

गौरतलब है कि 13 अप्रैल को कॉलेज जा रही सिया गुलेरिया की घर से करीब एक किलोमीटर दूर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

सिया के पिता जोगिंद्र सिंह ने कहा कि न्याय की लड़ाई जारी रहेगी, लेकिन एक पिता के रूप में उनकी प्राथमिकता बेटी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करना है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *