बिलासपुर के खेतों में मिला ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस’ लिखा संदिग्ध गुब्बारा, इलाके में मची सनसनी

12 अप्रैल: बिलासपुर में एक गांव के पास शनिवार को खेतों में “पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस” लिखा हुआ एक संदिग्ध हवाई जहाज के आकार का गुब्बारा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में जानकारी दी है।

जानकारी के अनुसार, झंडूटा उपमंडल की बलोह ग्राम पंचायत के अंतर्गत खेतों में काम कर रहे लोगों ने शनिवार सुबह एक संदिग्ध गुब्बारा देखा। इस गुब्बारे का आकार हवाई जहाज जैसा था, जिससे लोगों में डर और जिज्ञासा का माहौल बन गया।

स्थानीय निवासी राजकुमार ने बताया कि जैसे ही लोगों ने इस संदिग्ध वस्तु को देखा, उन्होंने तुरंत तलाई थाने में इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया।

एक अन्य स्थानीय निवासी राजेश गौतम ने बताया कि गुब्बारे पर “पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस” शब्द स्पष्ट रूप से लिखा हुआ था, जिसके चलते लोगों ने मामले को गंभीरता से लिया और प्रशासन से इसकी जांच की मांग की।

बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में इस तरह के गुब्बारे पहले भी देखे जा चुके हैं। ऊना और बिलासपुर जिलों में समय-समय पर ऐसे संदिग्ध गुब्बारे नजर आते रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *