परवाणू में ‘आवाज ए हिमाचल’ का नया कार्यालय खुला, मंत्रोच्चारण के बीच केवल सिंह पठानिया ने किया शुभारंभ

12 अप्रैल: औद्योगिक नगरी परवाणू में आवाज ए हिमाचल मीडिया ग्रुप के नए उप कार्यालय का विधिवत शुभारंभ शुक्रवार को हर्षोल्लास और धार्मिक विधि-विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कार्यालय का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम से एक दिन पूर्व ही केवल सिंह पठानिया परवाणू पहुंच गए थे। शुक्रवार सुबह मंत्रोच्चारण के बीच उन्होंने चौहान कॉम्प्लेक्स स्थित होटल पार्क इन के समीप रिबन काटकर नए कार्यालय का शुभारंभ किया। उद्घाटन के उपरांत होटल पार्क इन में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा मीडिया से जुड़े प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में केवल सिंह पठानिया ने आवाज ए हिमाचल को नए कार्यालय के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान ने बहुत कम समय में पूरे प्रदेश में अपनी मजबूत पहचान बनाई है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज के बदलते दौर में मीडिया का स्वरूप तेजी से परिवर्तित हो रहा है और प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ डिजिटल एवं वेब मीडिया भी सूचना के प्रसार में अहम भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया चौथे स्तंभ के रूप में कार्य करता है और समाज को जागरूक करने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि परवाणू शहर से जुड़ी समस्याओं को संबंधित उच्च अधिकारियों तक प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और जनभागीदारी से ही विकास को नई गति मिल सकती है।

इस दौरान उन्होंने परवाणू नगर परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अध्यक्ष निशा शर्मा व मोनिशा शर्मा के नेतृत्व में परिषद ने लोगों की समस्याओं को घर-द्वार तक पहुंचकर सुलझाने का सराहनीय कार्य किया है। साथ ही शहर में कई नई विकास योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।

कार्यक्रम में चेयरमैन आशीष पटियाल, एमडी अजय पंकिल, कार्यालय प्रभारी एवं वाइस चेयरमैन यशपाल ठाकुर, भूपेंद्र भंडारी, निदेशक अशोक चम्बियाल, संजीव सिंह संजी, प्रवीण गुलेरिया (लिल्ली), सौरभ शर्मा, सोहन राजपूत और सुमित शर्मा ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें शॉल, हिमाचली टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इसके अलावा कार्यक्रम में एसडीएम महेंद्र प्रताप, असिस्टेंट कमिश्नर शेफाली शर्मा, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार, नायब तहसीलदार जयपाल चौधरी, थाना प्रभारी प्रताप ठाकुर, नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष निशा शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष लखविंद्र सिंह, कांता कपूर, राजेश शर्मा, देवेंद्र राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आवाज ए हिमाचल का यह नया कार्यालय क्षेत्र में निष्पक्ष, तेज और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को नई दिशा देगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *