हरा सोना’ तस्करी का पर्दाफाश! पशुशाला के पीछे छिपी खैर की लकड़ी बरामद, FIR दर्ज

5 अप्रैल: जिला ऊना के उपमंडल गगरेट के तहत ग्राम पंचायत अम्बोटा में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने वन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने एक रिहायशी मकान के पीछे बनी पशुशाला के पास से अवैध रूप से छुपाकर रखी गई खैर की लकड़ी के 27 मौछे बरामद किए हैं। बरामद की गई लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने वन विभाग की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि अम्बोटा के वार्ड नंबर-6 (झल्लोवाल ढवाली) में अवैध रूप से खैर की लकड़ी छिपाई गई है। सूचना पुख्ता होते ही कार्यकारी वन खंड अधिकारी नरेश कुमार और वन रक्षक बलदेव चंद ने पुलिस टीम को साथ लेकर स्थानीय निवासी बलैत अली पुत्र कुर्बान अली के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान रिहायशी मकान के पीछे पशुशाला के पास से खैर के 27 मौछे बरामद हुए। कार्रवाई के दौरान जब टीम ने आरोपी बलैत अली से लकड़ी से संबंधित परमिट या वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग की शिकायत पर गगरेट पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन संपदा को नुक्सान पहुंचाने वाले नहीं बख्शे जाएंगे : रेंज ऑफिसर रेंज ऑफिसर राहुल ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वन माफिया के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी है। पुलिस के साथ मिलकर वन संपदा की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जंगलों में अवैध कटाई और तस्करी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *