ऊना से चोरी कार जयपुर में मिली, अंदर से निकले ₹2.5 लाख; शातिर चोर गिरफ्तार

5 अप्रैल: शहर के पुराना होशियारपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक की चोरी हुई गाड़ी को राजस्थान के जयपुर से बरामद कर लिया गया है। गाड़ी के अंदर से अढ़ाई लाख रुपए की नकदी भी मिली है। ऊना पुलिस के इनपुट के आधार पर राजस्थान पुलिस ने यह कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब ऊना पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर हिमाचल लाने की तैयारी कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, पिछले दिनों पुराना होशियारपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक डॉ. जगदीश्वर कंवर की गाड़ी अस्पताल के प्रांगण से ही चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी गौरव भारद्वाज की अगुवाई में पुलिस टीम ने कड़ियों को जोड़ा, जिसके बाद गाड़ी की लोकेशन राजस्थान के जयपुर में ट्रेस हुई।

ऊना पुलिस ने तुरंत राजस्थान पुलिस से संपर्क साधा और इनपुट सांझा किए। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ी को कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी से 2.5 लाख रुपए नकद भी बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में शातिर ने कुबूल किया है कि ऊना से गाड़ी चुराने के बाद उसने राजस्थान में भी चोरी की दो वारदातों को अंजाम दिया है।

इस मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस की मुस्तैदी से चोरी हुई गाड़ी को राजस्थान से बरामद कर लिया गया है। ऊना पुलिस लगातार राजस्थान पुलिस के संपर्क में है और जल्द ही कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को पूछताछ के लिए ऊना लाया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *