दर्दनाक हादसा: जलोड़ी पास के पास खाई में गिरी पर्यटकों से भरी ट्रैवलर, 3 की मौत, 17 घायल

5 अप्रैल: जिला कुल्लू के बंजार में एनएच-305 पर सोझा के पास जलोड़ी क्षेत्र में 20 पर्यटकों से सवार एक ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए हैं। सभी सवार पर्यटक बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, पर्यटक ट्रैवलर में घूमने के लिए जलोड़ी पहुंचे थे। वापसी के दौरान जब वे बंजार की ओर लौट रहे थे, तो सोझा के पास जलोड़ा में ‘भरेघा री जान’ नामक स्थान पर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि ट्रैवलर में चालक समेत कुल 20 लोग सवार थे।

यह हादसा रात करीब 8 बजे हुआ, जिसमें कई पर्यटकों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में रेफर किया गया है, जबकि 12 लोगों को मौके से रेस्क्यू कर लिया गया था। सूचना मिलते ही बंजार प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में मारे गए 3 लोगों की पुष्टि बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी ने की है। उन्होंने बताया कि घायलों को तुरंत बंजार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेजा गया है।

वहीं, तहसीलदार बंजार नीरज शर्मा के अनुसार वाहन में कुल 20 लोग सवार थे और 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। देर रात तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा।

घायलों में अनुपमा, क्रियान करण फिजा, आयुषी, लियाकर, अनुराग, अरनव, मोहित शशि, मोहित अमित, निकिता, दीनू, अलसी और दीपाली समेत अन्य शामिल हैं, जिनका प्राथमिक उपचार सिविल अस्पताल बंजार में किया जा रहा है। बाकी लोगों को भी रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *