4 अप्रैल: पुलिस थाना भराड़ी के तहत आने वाले लद्दा गांव से एक चालक के रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। लापता व्यक्ति की पहचान सुरेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे सुरेश कुमार किसी काम से घर से बाहर निकला, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी समय तक इंतजार करने के बाद जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिवार के लोगों को चिंता होने लगी।
परिजनों ने सुरेश के मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। अंततः परिजन थाना भराड़ी पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और लापता व्यक्ति की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि किसी को सुरेश कुमार के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।