4 अप्रैल: चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें सड़क धंसने के कारण एक पिकअप वाहन करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा थल्ला रोड पर सुंकू टपरी के समीप हुआ। पिकअप वाहन भरमौर से पंसेई की ओर जा रहा था और उसमें दो चचेरे भाई सवार थे। जैसे ही वाहन उक्त स्थान पर पहुंचा, सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में मदन लाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनका चचेरा भाई मनोज कुमार (पुत्र पवन कुमार) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल मनोज कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतक मदन लाल के पिता का पहले ही देहांत हो चुका था। अब वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों (पांचवीं और केजी कक्षा में पढ़ने वाले) को छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।