4 अप्रैल: ज्वालामुखी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय युवक को 71 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी नगर परिषद ज्वालामुखी के पूर्व उपाध्यक्ष का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम बीती मध्य रात्रि गश्त व नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान चोहडन (गजू दा बाग) के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक के कब्जे से 71 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान सूर्या गोस्वामी पुत्र शिव कुमार गोस्वामी, निवासी वार्ड नंबर-7 के रूप में हुई है।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चरस कहां से लाया था और इसका नेटवर्क किन-किन लोगों तक जुड़ा हुआ है। इसके लिए आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड भी खंगाले जाएंगे।
गौरतलब है कि ज्वालामुखी क्षेत्र में नशे से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है। इससे पहले भी वार्ड नंबर-4 के पूर्व पार्षद मनु शर्मा उर्फ माल्टा को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है, जो वर्तमान में धर्मशाला जेल में सजा काट रहा है।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार, नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन 19 से 25 वर्ष के युवा इस धंधे में अधिक संलिप्त पाए जा रहे हैं। वर्ष 2024 में 7, वर्ष 2025 में 8 और वर्ष 2026 के पहले 4 महीनों में ही 10 मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में 447 ग्राम और 394 ग्राम चरस की बड़ी खेप भी पुलिस द्वारा पकड़ी गई थी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।