4 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ जारी अभियान के तहत मंडी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। सुंदरनगर क्षेत्र में पुलिस थाना धनोटू की टीम ने तरोट फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक वोल्वो बस से 299 ग्राम चरस और 40 हजार रुपये की नकदी बरामद करते हुए महाराष्ट्र निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, वीरवार देर रात धनोटू पुलिस की टीम तरोट फोरलेन पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुल्लू के कसोल से दिल्ली जा रही एक वोल्वो बस को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार यात्रियों की तलाशी के दौरान एक युवक की हरकतें संदिग्ध लगीं। शक के आधार पर जब उसके सामान की गहन जांच की गई, तो उसके पास से 299 ग्राम चरस और 40 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थ और नकदी को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान केनेथ डेनियल (31), पुत्र जॉन डेनियल, निवासी सैक्टर-17 वाशी, नवी मुंबई, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही, इस कार्रवाई से एक बड़े अंतर्राज्यीय नशा नेटवर्क के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।