12 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को बेहतर भविष्य देने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से दोबारा जोड़ने के लिए प्रयासरत है। इसी दिशा में टांडा मेडिकल कॉलेज में 40 बिस्तर का अत्याधुनिक नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस केंद्र में नशे की लत से जूझ रहे लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञों की देखरेख में उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा। केंद्र का उद्देश्य प्रभावित लोगों को नशे की लत से बाहर निकालकर बेहतर जीवन जीने के लिए तैयार करना और उन्हें दोबारा समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए उपचार और पुनर्वास की सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। टांडा मेडिकल कॉलेज में तैयार यह केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।