4 अप्रैल: मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित चौंतड़ा के बीड़ रोड बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में एक सब्जी और एक कपड़े की दुकान पूरी तरह आग की चपेट में आ गई, जिससे दुकानदारों को करीब 3 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की मुस्तैदी से आग को समय रहते काबू कर लिया गया, वरना पूरा बाजार इसकी चपेट में आ सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले सब्जी विक्रेता मुनीष कुमार की दुकान के पिछले हिस्से में लगी, जहां खाली गत्ते और प्लास्टिक के क्रेट रखे हुए थे। इन ज्वलनशील सामानों ने तेजी से आग पकड़ ली और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं, जो पास की कपड़ों की दुकान तक पहुंच गईं।
इस घटना में कपड़े की दुकान की मालकिन रूपा भाटिया को सबसे ज्यादा आर्थिक नुकसान हुआ। आग लगने के तुरंत बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए कपड़ों की दुकान से काफी सामान सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे नुकसान और बढ़ने से बच गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें जोगिंद्रनगर और बैजनाथ से मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना के बाद प्रशासन की ओर से पटवारी अक्षय कुमार और अजय कुमार ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। वहीं, चौंतड़ा पुलिस चौकी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित दुकानदारों के बयान दर्ज किए हैं।
इस हादसे पर बीड़ रोड बाजार के प्रधान बलवीर कुमार और भाजपा चौंतड़ा मंडल के अध्यक्ष प्रवीन कुमार ने दुख जताते हुए प्रशासन से प्रभावित परिवारों को जल्द राहत देने की मांग की है, ताकि वे अपना कारोबार फिर से शुरू कर सकें।