मंडी में बौद्ध भिक्षु हत्या कांड सुलझा: 3 आरोपी गिरफ्तार, नशे और लूट से जुड़ा मामला

3 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह उपमंडल के तहत रिवालसर के सरकीधार क्षेत्र में करीब एक माह पूर्व हुई वृद्ध महिला बौद्ध भिक्षु की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने गुरुवार देर रात कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी नशे के आदी हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, उन्होंने नशे की खरीद या लूटपाट के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

गौरतलब है कि 4 मार्च को नैना देवी जंगल के पास एक कुटिया में अकेले रह रही 78 वर्षीय बौद्ध भिक्षु ओरजे शोकी का शव बरामद हुआ था। वह अपने पति की तीन वर्ष पूर्व मृत्यु के बाद वहां अकेली रह रही थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर एसआईटी का गठन किया था। पुलिस टीम पिछले एक महीने से संदिग्धों पर नजर बनाए हुए थी।

एसपी ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *