टोल विवाद और बारिश के कारण फिर टली BBN क्रिकेट लीग सीजन-6, नई तिथियां जल्द होंगी घोषित

3 अप्रैल, कविता शांति गौतम: औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में आयोजित होने वाली बहुप्रतीक्षित बीबीएन क्रिकेट लीग सीजन-6 एक बार फिर टाल दी गई है। इस बार टोल एंट्री विवाद के चलते आयोजकों ने लीग की तिथियों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब यह क्रिकेट लीग तभी आयोजित की जाएगी जब क्षेत्र में हालात पूरी तरह सामान्य हो जाएंगे।

पहले यह लीग 20 से 22 मार्च तक निमंत्रण पैलेस में प्रस्तावित थी, लेकिन खराब मौसम के कारण इसे 3 से 5 अप्रैल तक के लिए स्थगित किया गया था। अब टोल एंट्री को लेकर चल रहे विवाद और संभावित ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए आयोजकों ने इसे अनिश्चित समय के लिए टाल दिया है।

आयोजक मंडल का कहना है कि मौजूदा हालात में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और दर्शकों का आयोजन स्थल तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है। टोल विवाद के चलते सड़कों पर जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे प्रतिभागियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमों की भागीदारी भी प्रभावित हो सकती है, जो इस लीग का अहम हिस्सा रहती हैं।

लीग के संयोजक मुकेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि लीग के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और आयोजन को लेकर काफी उत्साह भी था। उन्होंने कहा कि पहले मौसम की खराबी ने आयोजन में बाधा डाली और अब टोल एंट्री विवाद के कारण इसे स्थगित करना पड़ा है।

जैन ने बताया कि जल्द ही नई तिथियों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लीग की टीमों, पूलों और मैचों के क्रम में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। केवल आयोजन की तिथियों में ही परिवर्तन किया गया है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, आयोजकों और क्षेत्र के लोगों में इस क्रिकेट लीग को लेकर उत्साह अभी भी बरकरार है और जैसे ही स्थिति सामान्य होगी, इस प्रतियोगिता को भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा।

इस मौके पर बीबीएनआईए के अध्यक्ष वाईएस गुलेरिया, अजय कुमार और राजीव सत्या भी मौजूद रहे। आयोजकों को उम्मीद है कि जल्द ही विवाद सुलझेगा और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल होने के बाद क्रिकेट लीग का सफल आयोजन किया जा सकेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *