बरोटीवाला में 24 वर्षीय युवक की मौत, घरेलू विवाद के बाद कमरे में मिला शव

3 अप्रैल: औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के तहत झाड़माजरी में एक प्रवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मुलायम सिंह (24), पुत्र विजेंद्र सिंह, निवासी बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुलायम सिंह अपनी पत्नी के साथ झाड़माजरी में किराए के मकान में रहता था। बुधवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद मुलायम सिंह ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया। पत्नी को किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं था और वह रातभर कमरे के बाहर ही बैठी रही।

गुरुवार सुबह करीब 4 बजे जब पत्नी ने खिड़की से अंदर देखा, तो मुलायम सिंह अचेत अवस्था में मिला। इसके बाद महिला ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को नीचे उतारा। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेजा गया।

जांच में सामने आया है कि मुलायम सिंह की शादी पिछले साल 16 अप्रैल को हुई थी और उसकी पहली सालगिरह आने वाली थी।

पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *