इंदौरा में भेड़पालकों को बड़ा झटका, तारा खड्ड में 31 भेड़ों की मौत; जांच शुरू

30 मार्च: उपमंडल इंदौरा के तारा खड्ड क्षेत्र में शनिवार शाम एक दुखद घटना सामने आई, जहां चराई के दौरान अचानक 31 भेड़ों की मौत हो गई। इस घटना से भेड़पालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, मृत भेड़ों में आजाद मुहम्मद की 17, गुलाम नवी की 10 और लेनू राम की 5 भेड़ें शामिल हैं। ये सभी भेड़पालक जिला चम्बा के चुराह क्षेत्र से मौसमी प्रवास के तहत अपने झुंड के साथ इंदौरा में चराई के लिए आए थे।

भेड़पालकों ने बताया कि शाम के समय भेड़ें तारा खड्ड के किनारे घास चर रही थीं, तभी अचानक उनमें असामान्य लक्षण दिखाई देने लगे। कुछ ही देर में कई भेड़ें गिरने लगीं और उनकी मौत हो गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि भेड़ों ने किसी जहरीली घास या दूषित पदार्थ का सेवन किया हो सकता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पशु चिकित्सा विभाग की जांच के बाद ही चल पाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने मौके पर टीम भेजी। एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि प्रभावित भेड़पालकों को हरसंभव सहायता दी जाएगी और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *