28 मार्च: जिला सिरमौर के राजगढ़ में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब देसी शराब से लदी एक पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों को कोई चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, पिकअप (HP 16A-5511) राजगढ़ ठेके से शराब की खेप लेकर गिरिपुल की ओर जाने वाली थी। इसी दौरान खड़ी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे की ओर लुढ़ककर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में लदी करीब 60 देसी शराब की पेटियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय कर्मचारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बिखरी हुई पेटियों और बोतलों को समेटा। हादसे में वाहन को नुकसान जरूर पहुंचा, लेकिन चालक और अन्य लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे।
सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज कुलवंत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को सीधा करवाया और यातायात को सुचारू किया।
प्रारंभिक जांच में वाहन के दस्तावेज और शराब की खेप के परमिट पूरी तरह सही पाए गए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।