27 मार्च: जिला बिलासपुर के तहत पुलिस थाना भराड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत डंगार के गांव रोपड़ी में एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रोपड़ी निवासी राहुल देव सुबह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। परिजनों ने उसे कई बार आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आशंका होने पर उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया और दरवाजा खोलकर अंदर देखा, जहां युवक अचेत अवस्था में मिला।
मृतक की पहचान राहुल देव (20), पुत्र पवन कुमार, निवासी गांव रोपड़ी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके पिता सीआरपीएफ में कार्यरत हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में तैनात हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना भराड़ी की टीम प्रभारी बलवीर सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।