27 मार्च: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तलाई पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वीरवार शाम पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक के कब्जे से 43 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी अनूप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नगर पंचायत तलाई के वार्ड नंबर-5 में एक व्यक्ति किराए के कमरे में रहकर नशीले पदार्थों का कारोबार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत रेडिंग टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी अर्जुन सिंह (निवासी तरनतारन, पंजाब) के कमरे से 43 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के संपर्क किन-किन लोगों से जुड़े हैं। साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत साझा करें, ताकि ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।