अप्रैल से डिपुओं में महंगा होगा रिफाइंड तेल: अब ₹135 प्रति लीटर, राशनकार्ड धारकों पर बढ़ेगा बोझ

27 मार्च: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में राशनकार्ड धारकों को अप्रैल महीने से बड़ा झटका लगने जा रहा है। अब सस्ते राशन के डिपुओं में मिलने वाला रिफाइंड तेल महंगा हो जाएगा, जिससे लाखों परिवारों के खर्च में बढ़ोतरी तय है।

जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2026 से रिफाइंड तेल का प्रति लीटर पैकेट 125 रुपये की बजाय 135 रुपये में मिलेगा। यानी उपभोक्ताओं को अब हर लीटर पर 10 रुपये अधिक चुकाने होंगे। इस फैसले का सीधा असर जिला कांगड़ा के करीब 4,68,974 राशनकार्ड धारकों पर पड़ेगा।

खासतौर पर बीपीएल और अन्य प्राथमिकता श्रेणी के परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन सकती है। राशन डिपो में सरकार द्वारा तय दरों पर गेहूं, चावल, दालें, नमक, आटा, सरसों का तेल और रिफाइंड तेल उपलब्ध करवाया जाता है, लेकिन अब रिफाइंड तेल की कीमत बढ़ने से उपभोक्ताओं की जेब पर असर पड़ेगा।

डीएफसी कांगड़ा पुरुषोत्तम सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि रिफाइंड तेल की नई दरें अप्रैल माह से लागू होंगी और उसी के अनुसार वसूली की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *