12 मार्च: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना पांवटा साहिब की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाकिब निवासी चिलकाना और बॉबी कुमार निवासी अतरगढ़, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी बॉबी कुमार के कब्जे से 3600 नशीले कैप्सूल और 600 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनके पास से 11040 नशीले कैप्सूल और 4200 नशीली गोलियां बरामद हुई थीं। उन्हीं से पूछताछ के आधार पर पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में सफल हुई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 14640 नशीले कैप्सूल और 4800 नशीली गोलियां बरामद की जा चुकी हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।