5 मार्च: चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर मंडी के पंडोह क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसा सामने आया। एसबीआई मोड़ के पास कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार और कार चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब के लुधियाना के ताजपुर गांव निवासी सतनाम सिंह बाइक पर मणिकरण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुल्लू की दिशा से आ रही कार, जिसे धार झोल (मंडी) निवासी निशांत शर्मा चला रहे थे, से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पंडोह पुलिस चौकी के हवलदार रजनीकांत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।