बिलासपुर के तलाई क्षेत्र में हादसा: ढांक से गिरने पर 21 वर्षीय युवक की मौत

26 फरवरी: जिला बिलासपुर के तलाई क्षेत्र में एक दुखद हादसे में 21 वर्षीय युवक की जान चली गई। बल्ही बरड़ के समीप गहरी ढांक से गिरने के कारण युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान पारस मन्हास (21) निवासी गांव बेहना ब्राह्मणा, तहसील झंडूता के रूप में हुई है। पारस खच्चर चालक के रूप में कार्य करता था और सामान ढुलाई का काम करता था।

परिजनों के अनुसार, सोमवार रात जब पारस अपने खच्चरों के साथ बरड़ से बाड़ी मझेड़वां नहीं पहुंचा तो परिवार को चिंता हुई। मोबाइल फोन पर संपर्क न होने पर उसके साथी शम्मी कुमार और शुभम उसे तलाशने निकले। खोजबीन के दौरान रास्ते में खच्चर तो मिल गए, लेकिन पारस का कोई पता नहीं चला।

बाद में बल्ही बरड़ पुल के पास सड़क किनारे गहरी ढांक में वह अचेत अवस्था में मिला। बताया जा रहा है कि उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी थी। उसे तुरंत एंबुलेंस से सिविल अस्पताल घुमारवीं ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने आशंका जताई है कि संभवतः अंधेरा होने या पैर फिसलने से वह ढांक में गिर गया होगा। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *