26 फरवरी, तरसेम जरयाल: गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज चुवाड़ी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की नूरपुर बटालियन के मार्गदर्शन में बुधवार को आपदा प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय सिंह पठानिया, समस्त प्राध्यापकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ टीम ने सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। इसके अतिरिक्त भूकंप की स्थिति में “ड्रॉप, कवर एंड होल्ड” तकनीक, अग्निकांड के दौरान बचाव के उपाय, अग्निशामक यंत्र के सही उपयोग तथा फ्लैश फ्लड जैसी प्राकृतिक आपदाओं में रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रक्रियाओं का विस्तार से प्रदर्शन किया गया।
विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अभ्यास में भाग लेते हुए आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक उपाय सीखे।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. संजय सिंह पठानिया ने एनडीआरएफ नूरपुर बटालियन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और सजगता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से सामूहिक सहयोग और आपदा जागरूकता को भी मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ।