26 फरवरी: जिला बिलासपुर के नयनादेवी क्षेत्र के अंतर्गत लैहड़ी गांव में बुधवार को एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, जबकि भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा जानी नुकसान टल गया।
जानकारी के अनुसार लैहड़ी निवासी जोगेंद्र सिंह के मकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग का आभास होते ही घर के सदस्य तुरंत बाहर निकल गए और शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
सूचना मिलते ही ग्वालथाई चौकी से सब-इंस्पेक्टर तेजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। वहीं भाखड़ा और नयनादेवी (ग्वालथाई) से दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर तैनात की गईं। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की क्षति हुई है।