26 फरवरी: पूर्व सैनिक लीग शाहपुर यूनिट की बैठक मंगलवार को आर्मी कैंटीन स्थित लीग कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लीग अध्यक्ष कर्नल जय सिंह (बीएसएम) ने की, जिसमें लीग के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कर्नल जय सिंह ने जानकारी दी कि 28 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे लीग कार्यालय (आर्मी कैंटीन की ऊपरी मंजिल) में एनएचएस अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। शिविर में अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं विधवा माताओं-बहनों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। इस दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।
शिविर का शुभारंभ शाहपुर के उपमंडलाधिकारी डॉ. गणेश ठाकुर करेंगे, जबकि तहसीलदार शाहपुर दीक्षित ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कर्नल जय सिंह ने पूर्व सैनिकों से अपील की कि वे समय पर पहुंचकर इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाएं। साथ ही उन्होंने बताया कि जिन पूर्व सैनिकों ने अभी तक ईसीएचएस (वीएसके) में अपने आवश्यक दस्तावेज—पीपीओ, डिस्चार्ज बुक, सीएसडी कार्ड, संयुक्त फोटो, एकल फोटो, बैंक पासबुक की प्रथम प्रति तथा पत्नी के आधार कार्ड की प्रति—जमा नहीं करवाई है, वे शीघ्र जमा करवाएं। अधिक जानकारी के लिए लीग कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में सचिव रत्न चंद, प्रेस सचिव सुरिंदर पटियाल, कैप्टन जन्मेज सिंह, कैप्टन अमर सिंह, कैप्टन भगवान दास, कैप्टन गोविंद सिंह, कैप्टन लोकेश नाग, कैप्टन जय करण, सूबेदार मेजर प्रीतम चंद, सूबेदार मेजर कर्मजीत सिंह और राजिंदर गोस्वामी सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।