गश्त के दौरान वन मित्र पर हमला, डंडों से मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी

26 फरवरी: चंबा जिले के चुराह वनमंडल की खैरना बीट में नियमित गश्त के दौरान एक वन मित्र पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो व्यक्तियों ने दिनदहाड़े वन कर्मचारी के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन मित्र ओम प्रकाश (25) पुत्र शानू निवासी गांव सागवाड़ी, डाकघर ऐल, तहसील चुराह ने पुलिस थाना तीसा में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी को दोपहर करीब 3 बजे वह वन रक्षक सतीश कुमार के साथ खैरना बीट में गश्त पर थे।

जब वे खैरना गांव के समीप सड़क किनारे स्थित दुकानों के पास पहुंचे, तो अयाल की दिशा से एक पिकअप वाहन (एचपी-73ए-7837) तेज रफ्तार से आया और उनके सामने आकर रुक गया। वाहन से चालक सहित दो व्यक्ति नीचे उतरे और कथित रूप से गाली-गलौच करने लगे। इसके बाद डंडों से हमला कर दिया।

हमले में ओम प्रकाश के हाथ और पसलियों में चोटें आईं। वन रक्षक सतीश कुमार ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया। आरोप है कि हमलावर जाते-जाते जान से मारने की धमकी देते हुए सदारूनी की ओर फरार हो गए।

घायल कर्मचारी का चिकित्सीय परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तीसा में कराया गया, जहां चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *