सैंज के धराली गांव में दो मंजिला मकान में आग, ऊपरी मंजिल के तीन कमरे जलकर राख

26 फरवरी: जिला कुल्लू के उपमंडल सैंज की ग्राम पंचायत शांघड़ के धराली गांव में मंगलवार देर रात एक दो मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आगजनी की इस घटना में मकान मालिक हीरा लाल पुत्र लग्न चंद के घर की ऊपरी मंजिल के तीन कमरे जलकर राख हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात मकान से उठती आग की लपटें देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि, घटनास्थल के समीप भरी हुई पानी की टंकियों की मदद से ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग को निचली मंजिल तक फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की लारजी केंद्र से टीम मौके पर पहुंची। तब तक ग्रामीण काफी हद तक आग पर काबू पा चुके थे। अग्निशमन कर्मियों ने शेष आग को पूरी तरह बुझाया।

बुधवार सुबह राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। प्रशासन द्वारा प्रारंभिक आकलन में लगभग 10 लाख रुपये के नुकसान की पुष्टि की गई है। तहसीलदार नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार को 5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान कर दी गई है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *