26 फरवरी: हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) डरोह में एक महिला प्रशिक्षु को कथित रूप से आपत्तिजनक व अभद्र एसएमएस भेजने के मामले में एक मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रशिक्षुओं की चल रही ट्रेनिंग के दौरान एक पुरुष प्रशिक्षक मुख्य आरक्षी पर अपनी ही प्लाटून की महिला प्रशिक्षु को पिछले कुछ दिनों से अश्लील संदेश भेजने के आरोप लगे हैं। महिला प्रशिक्षु ने इस संबंध में पुलिस उप महानिरीक्षक (उत्तरी रेंज) सौम्या सांबशिवन को लिखित शिकायत दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी ने आरोपी मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने इस प्रकरण की शिकायत महिला आयोग में भी की है।
अब महिला आयोग और पुलिस विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से मामले की जांच करेंगे तथा तथ्यों की गहन पड़ताल की जाएगी।