25 फरवरी: वैवाहिक संबंध समाप्त होने के बावजूद एक महिला को कथित रूप से लगातार मानसिक रूप से परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। जिला कांगड़ा के स्वाणा गांव की रहने वाली एक महिला अध्यापिका ने अपने पूर्व पति के खिलाफ उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला की शादी वर्ष 2011 में चिंतपूर्णी क्षेत्र के नारी गांव निवासी व्यक्ति से हुई थी। वैवाहिक मतभेदों के चलते वर्ष 2024 में दोनों के बीच आपसी सहमति से कानूनी तौर पर तलाक हो गया। दंपत्ति का एक बेटा है, जो वर्तमान में अपनी मां के साथ रह रहा है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि तलाक के बाद भी उसका पूर्व पति उसे लगातार फोन कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। आरोप है कि वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और धमकियां देता है, जिससे वह मानसिक तनाव में है।
मोईन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है तथा मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है। दोष सिद्ध होने पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।