25 फरवरी, तरसेम जरयाल: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के रोवर्स–रेंजर्स इकाई और लोक प्रशासन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से प्रसिद्ध गुणा माता मंदिर परिसर एवं ट्रेक मार्ग पर एक दिवसीय ट्रेकिंग सह स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
इस अभियान में रोवर्स–रेंजर्स के 14 स्वयंसेवकों तथा लोक प्रशासन विभाग के लगभग 60 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक दृढ़ता और अनुशासन का विकास करना था। ट्रेकिंग गतिविधि को फिट इंडिया मूवमेंट से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत प्रतिभागियों ने ट्रेक मार्ग और मंदिर परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने प्लास्टिक बोतलें, रैपर एवं अन्य कचरा एकत्रित कर लगभग 5 बोरियां कचरा संकलित किया और उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था की। इस पहल से पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया।
रोवर्स–रेंजर्स का मार्गदर्शन रोवर्स लीडर एवं लोक प्रशासन विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि ट्रेकिंग केवल साहसिक गतिविधि नहीं, बल्कि आत्मअनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रशिक्षण है।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने लोकगीतों एवं सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित कीं। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर भोजन तैयार किया और सामूहिक भोज का आनंद लिया, जिससे टीम वर्क और सामुदायिक एकता की भावना मजबूत हुई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के संयुक्त अभियान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और समाज व पर्यावरण के प्रति उनकी संवेदनशीलता को सुदृढ़ करते हैं।