25 फरवरी: विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राजकीय महाविद्यालय सिहुन्ता के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा वर्ष भर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भटियात क्षेत्र को शिक्षा हब के रूप में विकसित किया जाएगा। उच्च गुणवत्ता वाली शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए चरणबद्ध रूप से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्किल यूनिवर्सिटी सिहुन्ता में खोली जाएगी तथा भूमि उपलब्धता के आधार पर जिला चंबा के अन्य उपमंडलों में इसके विस्तार केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने महाविद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करने और संगीत विभाग में सह आचार्य (गायन) के पद को शीघ्र भरने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अगला वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह महाविद्यालय के अपने भवन में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि स्पष्ट रणनीति और सुदृढ़ योजना से ही सकारात्मक परिणाम मिलते हैं। भटियात विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी गई है और कई परियोजनाएं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण की जा रही हैं।
प्रस्तावित द्रमण–सिहुन्ता–लाहडू–चंबा–तीसा–किलाड़ उच्च मार्ग के महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी स्वीकृति के लिए आवश्यकता पड़ने पर प्रधानमंत्री से भी मुलाकात की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि सिहुन्ता तथा आसपास की ग्राम पंचायतों में बीते तीन वर्षों में संपर्क मार्गों और अन्य विकास कार्यों पर 204 करोड़ 53 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है, जिनमें से अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए बीए प्रथम वर्ष के आदित्य भारद्वाज और पलक को 11-11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने पहाड़ी, हिंदी और पंजाबी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम कृष्ण चंद, उपमंडल दंडाधिकारी मनीष सोनी, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।