20 फरवरी: ठियोग उपमंडल के जगोड़ा गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर की मलबे में दबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब निर्माण कार्य जारी था और अचानक पहाड़ी से मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंसकर नीचे आ गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिट्टी गिरने से वहां कार्य कर रहा एक प्रवासी मजदूर उसकी चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर उसे बाहर निकाला। घायल अवस्था में उसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मुकेश निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्रशासन कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रहा है।