हिमाचल में जीरो नामांकन वाले 39 स्कूल बंद होंगे, 100 से कम छात्रों वाले कॉलेज भी होंगे मर्ज : शिक्षा मंत्री

20 फरवरी: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में राज्य में शिक्षा सुधारों को तेज़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जीरो नामांकन वाले 39 विद्यालयों को निरस्त करने के लिए जल्द अधिसूचना जारी की जाएगी। हाल ही में 39 छात्र और छात्रा विद्यालयों का विलय कर उन्हें सह-शिक्षा संस्थानों में परिवर्तित किया गया है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि 100 से कम नामांकन वाले महाविद्यालयों का भी विलय किया जाएगा। शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों का समायोजन आवश्यकता अनुसार अन्य संस्थानों में किया जाएगा और किसी भी कर्मचारी की नौकरी प्रभावित नहीं होगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि 2 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने वाले विद्यार्थियों को समय पर परिवहन भत्ता दिया जाए। साथ ही गैर-सीबीएसई विद्यालयों के विलय के लिए प्रारूप तैयार करने के आदेश भी जारी किए गए।

खेल छात्रावासों के लिए लंबित 1.2 करोड़ रुपये के डाइट फंड को शीघ्र जारी करने तथा उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विभिन्न जिलों में नए और उन्नत खेल छात्रावास शुरू किए जा रहे हैं, जिससे खेल विधाओं की संख्या बढ़कर 12 हो जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की भर्ती के लिए निर्धारित 23 वर्ष की न्यूनतम आयु सीमा समाप्त करने के निर्देश भी दिए। साथ ही रिक्त पदों को शीघ्र भरने और नव पदोन्नत प्रधानाचार्यों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।

एनसीसी कैडेट्स के लिए कुल्लू हवाई अड्डे पर हैंगर सुविधा शुरू होने से प्रशिक्षण व्यवस्था और सुगम होने की जानकारी भी बैठक में दी गई।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *