18 फरवरी: धर्मसाल चम्बी बाजार स्थित एक दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को पंजाब के कपूरथला से गिरफ्तार किया है। चिंतपूर्णी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले दुकान के अंदर रखे एक बैग से नकदी चोरी हो गई थी। दुकान के मालिक सुदेश कुमार ने घटना के समय दुकान में आए एक संदिग्ध व्यक्ति पर संदेह जताया था। मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद एएसआई महेंद्र सोनी और थाना प्रभारी जयराम शर्मा के नेतृत्व में जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी की गतिविधियां सामने आईं। फुटेज से पता चला कि आरोपी स्कूटी पर आया था और दुकान में मौके का फायदा उठाकर बैग से नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने यह भी पाया कि घटना में प्रयुक्त स्कूटी किराए पर ली गई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। अधिकारी अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा। चोरी गई राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।