18 फरवरी : जिला सोलन पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत धर्मपुर क्षेत्र में एक बस से 10.01 ग्राम हेरोइन बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार एसआईयू को गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रही एक बस में एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर धर्मपुर के पास नाकाबंदी कर उत्तराखंड परिवहन निगम की बस को रोका गया। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध युवक के कब्जे से 10.01 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक निवासी गांव दोलग, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ आरोपी को कहां से प्राप्त हुआ और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही संभावित नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
एसपी सोलन साई दत्तात्रेय वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।